जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने परकोटा और आमेर क्षेत्र के लिए 17 से 20 अक्टूबर तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ये फैसला जयपुर में त्योहारी और पर्यटन सीजन के दौरान शहर में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए लिया गया है। परकोटा और आमेर जाने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले नया रूट प्लान देखना होगा। इस दौरान पर्यटक बसों की परकोटे में एंट्री बंद रहेगी। ऐसे में शहर में घूमने आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार ही आवागमन करना होगा। 4 दिन के अवकाश के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों और बाजारों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पर्यटकों और आमजन की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। व्यापारियों से पार्किंग की अपील: चारदीवारी क्षेत्र के व्यापारियों से अपने वाहन जेडीए की रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग, चौगान स्टेडियम और आतिश मार्केट के निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने की अपील की गई है। पर्यटकों के लिए अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था पर्यटकों की सुविधा के लिए पुरातत्व विभाग की ओर से तैयार किए जा रहे परियों का बाग में अस्थाई पार्किंग व्यवस्था शुरू की जा रही है। पुलिस ने पर्यटकों और आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि पर्यटन स्थलों और प्रमुख बाजारों में जाम की स्थिति से बचा जा सके।