भारतीय विमेंस टीम ने पहले टी-20 में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हरा दिया। गुरुवार को रायपुर में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 114 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 15.4 ओवर में 6 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। इसके साथ ही भारत ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। भारत की जीत की हीरो डेब्यू कर रहीं निकी प्रसाद रहीं। उन्होंने 35 गेंद पर नाबाद 39 रन बनाए। उनके साथ दीप्ति शर्मा ने 37 गेंद पर 49 रन की पारी खेली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकाला। दीप्ति फिफ्टी से एक रन दूर रह गईं। 19 रन पर भारत के 4 विकेट गिरे 115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। स्मृति मंधाना 9 रन बनाकर पहले ओवर में आउट हुईं। इसके बाद अनुष्का शर्मा 4, कप्तान हरमनप्रीत कौर 1 और शेफाली वर्मा 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। भारत ने 19 रन के स्कोर तक चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद निकी प्रसाद और दीप्ति शर्मा ने पारी संभाली। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी की और खराब शुरुआत के बाद टीम को जीत के करीब पहुंचाया। दीप्ति के आउट होने के बाद निकी अंत तक क्रीज पर रहीं। उन्होंने 15वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। जिम्बाब्वे की ओर से न्याशा ग्वांजुरा ने 3 विकेट लिए। उन्होंने स्मृति मंधाना, अनुष्का शर्मा और शेफाली वर्मा को आउट किया। मिशेल मावुंगा, बेलव्ड बीजा और ओलिंडर चारे को एक-एक विकेट मिला। पहले ओवर में क्रांति ने दिलाई सफलता क्रांति गौड़ ने पहले ही ओवर में 7 रन के स्कोर पर बेलव्ड बीजा को LBW आउट कर दिया। बीजा बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। इसके बाद केलिस न्दलोवु और मोडेस्टर मुपाचिक्वा ने पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट लिए 53 रन की साझेदारी की। ओपनर केलिस एनधलोवु ने 44 गेंद पर 42 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके शामिल रहे। मुपाचिक्वा ने 26 गेंदों पर 16 रन की पारी खेली। मेयर्स के 43 रन की बदौलत जिम्बाब्वे 114 रन तक पहुंची जिम्बाब्वे की टीम 15 ओवर के बाद 82 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद शार्ने मेयर्स ने तेजी से रन बनाए। उन्होंने शफाली वर्मा की गेंद पर छक्का लगाकर पारी का पहला सिक्स जड़ा। मेयर्स ने आखिरी ओवरों में चौके-छक्के लगाकर टीम को 114 रन तक पहुंचाया, लेकिन नंदनी शर्मा ने 19वें ओवर के बाद आखिरी ओवर में दो विकेट लेकर जिम्बाब्वे की रफ्तार रोक दी। टीम की ओर से शार्ने मेयर्स ने सबसे ज्यादा 43 रन की पारी खेली। उन्होंने 33 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के लगाए। भारत की ओर से नंदनी शर्मा ने 4 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट लिए। क्रांति गौड़ और श्री चरणी को 1-1 विकेट मिला। निकी प्रसाद ने स्मृति मंधाना ने डेब्यू कैप दिया भारत के लिए युवा ऑलरआउंडर निकी प्रसाद इस मैच में डेब्यू किया। उन्हें मुकाबले से पहले कप्तान स्मृति मंधाना ने डेब्यू कैप दिया। कैप मिलने के बाद साथी खिलाड़ी दीप्ति शर्मा और अनुष्का शर्मा ने गले लगाकर उन्हें बधाई दी। दोनों टीमों की प्लेइंग-11 भारत: शफाली वर्मा, स्मृति मंधाना (कप्तान), अनुष्का शर्मा, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़। जिम्बाब्वे: केलिस एनधलोवु, बिलव्ड बीजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, शार्ने मेयर्स, मिशेल मावुंगा, न्याशा ग्वांजुरा, फ्रांसिस्का चिपारे, मोडेस्टर मुपाचिक्वा (विकेटकीपर), जोसेफिन नकोमो (कप्तान), ओलिंडर चारे, तेंदाई मकुशा। ------------------------ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… बुमराह एक साल बाद टेस्ट टीम में:न्यूजीलैंड दौरे पर टेस्ट और पहले 3 वनडे में गिल को कप्तानी; 2 वनडे के लिए श्रेयस कैप्टन न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट और वनडे टीम का ऐलान हो गया है। जसप्रीत बुमराह एक साल बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट मैच पिछले साल नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। पूरी खबर पढ़ें…