जैसलमेर बास्केटबॉल अकादमी ने राज्य स्तरीय स्कूल प्रतियोगिता में दो पदक जीते हैं। 14 वर्ष आयु वर्ग में टीम ने फाइनल में अजमेर को 78-51 से हराकर लगातार चौथी बार गोल्ड जीता। वहीं 17 वर्ष आयु वर्ग में टीम को फाइनल में सीकर के खेल छात्रावास से हार मिली और सिल्वर मेडल मिला। 70वीं विद्यालय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 1 से 7 अक्टूबर तक अजमेर और सवाई माधोपुर में हुई। खास बात यह है कि 14 वर्ष वर्ग में जैसलमेर अकादमी ने 2023 से लगातार चार साल गोल्ड जीता है। अकादमी के तीन खिलाड़ी हाल ही में विजयवाड़ा में हुई सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में राजस्थान टीम को भी गोल्ड दिला चुके हैं। अजमेर को 78-51 से हराकर चौथी बार जीता गोल्ड 14 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में जैसलमेर अकादमी ने मेजबान अजमेर की टीम को एकतरफा मुकाबले में 78-51 से हराया। इस जीत के साथ अकादमी ने 2023 से 2026 तक लगातार चौथी बार राज्य स्तरीय स्वर्ण पदक जीतने का कीर्तिमान बनाया। टीम के कप्तान हरिओम सिंह, विभोर गुर्जर, आदित्य, कुलजीत टाक, चंद्रवीर सिंह और अंशुमान ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि अकादमी के सिर्फ 6 खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में खेलकर यह स्वर्णिम सफलता हासिल की। टीम के साथ सुनील कुमार ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाई। 17 वर्ष वर्ग में कड़े मुकाबले के बाद सिल्वर सवाई माधोपुर में 17 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल में जैसलमेर अकादमी का मुकाबला खेल छात्रावास सीकर से हुआ। बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में जैसलमेर अकादमी को हार का सामना करना पड़ा और रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस वर्ग में कप्तान अभिषेक चौधरी, जयवर्धन सिंह, वैभव मान सिंह, साहिल सहारण और मुकेश कुमार ने जुझारू खेल दिखाया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद रजा खान ने टीम के प्रशिक्षक के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर भी अकादमी के खिलाड़ियों ने दिलाया गोल्ड जिला खेल अधिकारी एवं अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक राकेश बिश्नोई ने बताया - अकादमी के तीन खिलाड़ी हर्षवर्धन सिंह, रोबिन धानका और संदीप जाखड़ हाल ही में विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) में आयोजित 51वीं सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में राजस्थान टीम को स्वर्ण पदक दिलाकर लौटे हैं।