जैसलमेर में बॉर्डर इलाके के गांव के 2 किसानों के घर में ज्वेलरी-कैश मिलाकर 1.23 करोड़ की चोरी हुई है। दोनों परिवारों के घर देर रात चोर घुसे और चोरी कर भाग निकले। जिस वक्त चोरी हुई उस वक्त घर वाले सो रहे थे, कूलर और एसी की आवाज में कुछ मालूम नहीं चला। सुबह उठे तो अलमारी के ताले टूटे मिले। 1 घर से 20 लाख कैश और 72 लाख का 45 तोला गोल्ड चोरी हुआ है, जो कुल 92 लाख है। वहीं दूसरे घर से 10 लाख का 7 तोला सोना, 15 लाख की 45 तोला चांदी और कैश की चोरी हुई है। कुल चोरी 30 लाख की बताई गई है। पुलिस को चोरों के पैरों के निशान भी मिले हैं। मामला खूहड़ी थाना क्षेत्र के चेलक गांव का मंगलवार देर रात का है। अब पढ़िए पुलिस ने क्या कहा घरों के पास मिले पैरों के निशान घटनास्थल पर पैरों के कई निशान मिले हैं, जिन्हें सुरक्षित कर लिया गया है। सबुत जुटाने के लिए एमओबी टीम को बुलाया गया है। पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गए माल की बरामदगी की जाए। जीरा बेच कर लाए थे कैश जानकारी के अनुसार, घरों में रखी गई रकम जीरा बेचकर घर पर लाई गई थी। सुखपाल सिंह के घर में 3 सदस्य और हीर सिंह के घर में 2 सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। घर वालों का कहना है कि घर के अंदर एसी और कूलर चल रहे थे, जिनकी आवाज और ठंडक के कारण उन्हें रात में हुई इस बड़ी घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह उठने पर चोरी का पता चला। दोनों पीड़ित परिवारों के मकान एक-दूसरे से काफी दूरी पर स्थित हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी रूप सिंह इंदा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी (MOB) और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने घर के अंदर और बाहर से पैरों के निशान, फिंगरप्रिंट्स और अन्य सबूत इकठ्ठा किए हैं।