जैसलमेर शहर की वाल्मीकी कॉलोनी में एक घर के पानी के हौद में काला कोबरा मिलने से अफरा-तफरी मच गई। दोपहर करीब 12 बजे एक महिला पानी भरने के लिए हौद का भारी ढक्कन खोलने पहुंची थी। ढक्कन खोलते ही उसकी नजर अंदर पानी के पाइप से लिपटे खतरनाक काले कोबरा पर पड़ी। सांप को देखते ही महिला घबरा गई और परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। ओवरफ्लो पाइप से हौद में घुसने का अंदेशा वाल्मीकी कॉलोनी निवासी विनोद आचार्य के घर पर हुई इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में डर का माहौल हो गया। अंदेशा जताया गया कि सांप पानी के ओवरफ्लो पाइप के रास्ते हौद के अंदर आया होगा। परिजनों के अनुसार करीब दो साल पहले भी इसी हौद में पानी भरते समय एक सांप दिखाई दिया था। पुरानी घटना याद आने से परिवार के लोगों में और डर बढ़ गया। इसके बाद स्थानीय स्नैक कैचर साहिल खान को सूचना दी गई। 10 से 15 मिनट में सांप को सुरक्षित निकाला सूचना मिलते ही स्नैक कैचर साहिल खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपकरणों की मदद से हौद के अंदर से काले कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू में करीब 10 से 15 मिनट लगे। सांप के बाहर निकलने के बाद विनोद आचार्य के परिवार और पड़ोसियों ने राहत की सांस ली। साहिल खान ने पकड़े गए जहरीले कोबरा को शहर से दूर सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ दिया।