जैसलमेर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के आह्वान पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर की कलाकार कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक विरोध जुलूस निकाला। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि अब लोकसभा चुनाव के दौरान हुई गड़बड़ियों की परतें खुलकर सामने आ रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने हालिया चुनावों में कथित 'वोट चोरी' और प्रक्रियात्मक अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार को घेरा। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल अपने पद से इस्तीफा देने और पूरे मामले की निष्पक्ष कानूनी जांच कराए जाने की पुरजोर मांग की है। राहुल ने काफी समय पहले ही देश की जनता को सचेत किया था मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि "राजस्थान के सभी जिलों में कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। वोटों की हेराफेरी और पारदर्शिता में कमी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने काफी समय पहले ही देश की जनता को सचेत कर दिया था। अब लोकसभा चुनाव के दौरान हुई गड़बड़ियों की परतें खुलकर सामने आ रही हैं।" फकीर ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्र का नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता हमेशा लोकतंत्र की गरिमा को सर्वोच्च मानता है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। 2014 के बाद से एजेंसियों के जरिए चुनावों में मैन्युपुलेशन प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक व वरिष्ठ कांग्रेस नेता रूपा राम धनदेव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि "वर्ष 2014 के बाद से देश में चुनाव आयोग, केंद्रीय जांच एजेंसियों और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर चुनावी नतीजों को सत्तापक्ष के अनुकूल बनाया जा रहा है। विशेषकर 2024 के लोकसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में बड़े पैमाने पर जनादेश को प्रभावित किया गया, जो सीधे तौर पर 'वोटों की चोरी' है।" धंदेव ने आगे कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद में पुख्ता दस्तावेजों और सबूतों के साथ इस मुद्दे को उठाया है, लेकिन केंद्र सरकार और चुनाव आयोग जवाबदेही से भाग रहे हैं। देश का युवा और आम जनता अब इस स्थिति को बर्दाश्त नहीं करेगी। मांगें नहीं मानने पर पूरे प्रदेश में आंदोलन होगा वरिष्ठ नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि चुनाव आयोग और केंद्र सरकार ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया और पारदर्शी जांच के आदेश नहीं दिए, तो आने वाले दिनों में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के निर्देश पर अन्य विपक्षी दलों को साथ लेकर इस आंदोलन को और व्यापक व उग्र रूप दिया जाएगा।