जैसलमेर जिले में हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से 9 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने परिवार के साथ खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार बच्ची पर गिर गया। करंट लगने से बच्ची बुरी तरह से झुलस गई। परिजन उसे तुरंत लाठी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा रविवार सुबह करीब 10 बजे लाठी थाना क्षेत्र के लोहटा गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, बच्ची नूरा (9) अपने पिता प्रीतम राम और मां के साथ रविवार सुबह खेत पर गई थी। खेत पर काम करते समय ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से बच्ची बुरी तरह झुलस गई। हादसे की सूचना मिलने पर लाठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवार कर शव परिजनों को सौंप दिया।