जैसलमेर में मंगलवार को एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की स्टूडेंट्स ने राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत रैली निकाली। जिसमें सभी ने हाथों में तख्तियां लेकर मानसिक सेहत का संदेश दिया। इस रैली की शुरुआत CMHO डॉ. मुरलीधर सोनी ने स्वास्थ्य भवन से हरी झंडी दिखाकर की। सबसे खास बात यह रही कि पारंपरिक बैठकों या सेमिनार के बजाय स्टूडेंट्स ने सीधे शहर के बीचों-बीच पैदल मार्च करते हुए लोगों तक यह संदेश पहुंचाया कि मानसिक शांति शारीरिक सेहत जितनी ही जरूरी है। शहर के व्यस्त इलाकों से होकर गुजरी रैली CMHO कार्यालय से शुरू हुई यह रैली डेडानसर रोड, अचलवंशी कॉलोनी, भाटिया मुक्ति धाम, गीता आश्रम चौराहा और हनुमान चौराहा से होते हुए जवाहिर हॉस्पिटल तक पहुंची। रास्ते भर गूंजते "स्वस्थ जीवन शैली अपनाओ, मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाओ" और "चिन्ता व भय से मुक्ति पाओ" जैसे नारों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। मानसिक परेशानियों पर बोले डॉक्टर इस दौरान जिला अस्पताल के मनोरोग चिकित्सक डॉ. राम सिंह यादव ने कहा- मानसिक परेशानियों को छुपाने के बजाय खुलकर बात करनी चाहिए। ये रहे मौजूद… इस विशेष आयोजन में प्रधानाचार्य लोकेश कुमार, डीपीसी उमेश आचार्य, वार्डन पूजा वर्मा, मोनिका सुमन और दीप्ति डेनिस समेत पूरा चिकित्सा अमला कदम से कदम मिलाकर चला, जिससे आम जनता में एक मजबूत संदेश गया।