जैसलमेर नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति विजय डांगरा ने गुरुवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। नगर परिषद परिसर में हुए कार्यक्रम में शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और आमजन से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। नगर परिषद आयुक्त पवन कुमार ने विजय डांगरा को आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण करवाया। मां के पैर छूते समय छलके आंसू पदभार संभालने के बाद विजय डांगरा ने अपनी मां के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे भावुक हो गए और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक आए। यह देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी भावुक हो गए। बोले- पारदर्शी ऑनलाइन व्यवस्था लागू करेंगे पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति विजय डांगरा ने कहा कि जैसलमेर की जनता ने उन्हें जो प्यार, विश्वास और सहयोग दिया है, उसके लिए वे हमेशा आभारी रहेंगे। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने नगर परिषद के कामकाज में पारदर्शिता और सुगमता लाने के लिए जल्द ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने की बात कही। इसके जरिए शहरवासी घर बैठे अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे और संबंधित अधिकारियों तक शिकायत पहुंचा सकेंगे। सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं पर रहेगा फोकस डांगरा ने कहा कि शहर की मूलभूत जरूरतों के साथ पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। जैसलमेर विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है, इसलिए शहर का विकास इस तरह किया जाएगा कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां से अच्छी और यादगार छवि लेकर लौटें। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छता, सुंदरता और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। विधायक बोले- विकास का तीसरा इंजन जुड़ गया विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि जैसलमेर की जनता ने भाजपा बोर्ड पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे शहरवासियों के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के बाद अब नगर परिषद के रूप में विकास का तीसरा इंजन भी जुड़ गया है। यह बोर्ड पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जन-आकांक्षाओं के अनुरूप काम करेगा। भाटी ने कहा कि जैसलमेर की पहचान पूरी दुनिया में है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए व्यापार व रोजगार के नए अवसर बनेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जैसलमेर के विकास के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। सड़क, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद बिना राजनीतिक या दलीय भेदभाव के निष्पक्ष रूप से काम करेगी और हर वार्ड का समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में विधायक छोटूसिंह भाटी, कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा, पूर्व सभापति हरिवल्लभ कल्ला, अशोक तंवर, नवनिर्वाचित उपसभापति मधुबाला देवी सिंह चौहान सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षद, भाजपा पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।