जैसलमेर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेजी से शुरू हो चुकी हैं। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग राजस्थान जयपुर के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में प्रधान, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों के साथ-साथ ग्राम पंचायतों के वार्ड पंचों और सरपंचों के आरक्षण के लिए लॉटरी की तारीख घोषित कर दी गई हैं। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में 23 सितंबर को जिला मुख्यालय पर प्रधान व अन्य सदस्यों के लिए आरक्षण प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके अगले दिन यानी 24 सितंबर को संबंधित उपखंड कार्यालयों में सरपंचों और वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। प्रशासन द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में सूचियां भेजकर समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। 23 सितंबर को सुबह 11 बजे बजे निकलेगी लॉटरी जैसलमेर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 2026 के अंतर्गत प्रधान, जिला परिषद सदस्यों और पंचायत समिति सदस्यों के आरक्षण के लिए लॉटरी निकालने की तारीख तय कर दी गई है। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में यह महत्वपूर्ण कार्यवाही 23 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला कलेक्ट्री के सभाकक्ष में होगी। ADM परसाराम सैनी ने जैसलमेर और पोकरण के विधायकों को पत्र लिखकर इस निर्धारित कार्यक्रम में समय पर उपस्थित हाेने के लिए कहा गया है। ग्रामीण विकास विभाग के नियमों के अनुसार इस प्रक्रिया से तय होगा कि कौन सी सीट किस वर्ग के लिए आरक्षित होगी। सरपंच और वार्ड पंचों के आरक्षण की लॉटरी 24 को ग्राम पंचायतों के वार्डों (एकल निर्वाचन क्षेत्रों) और सरपंचों के आरक्षण का निर्धारण करने के लिए 24 सितंबर को संबंधित उपखंड अधिकारी कार्यालयों में लॉटरी निकाली जाएगी। ADM परसाराम सैनी ने बताया कि पंचायत समिति जैसलमेर, मोहनगढ़, रामगढ़ और खुहड़ी के लिए जैसलमेर उपखंड कार्यालय में लॉटरी डाली जाएगी। फतेहगढ़ पंचायत समिति के लिए फतेहगढ़ उपखंड कार्यालय, साकड़ा, नाचना और रामदेवरा (मुख्यालय पोकरण) के लिए पोकरण उपखंड कार्यालय और राजमथाई (मुख्यालय फलसूंड) व भणियाणा के लिए भणियाणा उपखंड कार्यालय में लॉटरी की प्रक्रिया पूरी होगी। यह पूरी प्रक्रिया संबंधित उपखंड अधिकारियों की देखरेख में संपन्न होगी।