नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर जैसलमेर और पोकरण में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पर्चा भरने के तीसरे दिन शनिवार को प्रत्याशियों में भारी उत्साह देखा गया। नगर परिषद जैसलमेर में 40 उम्मीदवारों ने 50 और नगरपालिका पोकरण में 36 उम्मीदवारों ने 50 नामंकन पत्र दाखिल किए। इस तरह दोनों निकायों में कुल 76 उम्मीदवारों ने 100 पर्चे भरे। इसी दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) अनुपमा जोरवाल और एसपी अभिषेक शिवहरे ने जैसलमेर के कई मतदान केंद्रों का जायजा लिया। अफसरों ने पीने के पानी, छाया, बिजली और सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों को समय पर सारे काम पूरा करने के निर्देश दिए। रविवार को छुट्टी के कारण पर्चे जमा नहीं होंगे, अब 31 अगस्त को नामांकन का अंतिम दिन रहेगा। कलेक्टर और एसपी ने बूथों पर परखीं व्यवस्थाएं शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर अनुपमा जोरवाल तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने जैसलमेर नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, प्रवेश-निकास, पेयजल, बिजली और छाया के इंतजामों को बारीकी से देखा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी सुविधाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि मतदाताओं को परेशानी न हो। एसपी शिवहरे ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में चुनाव कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा संवेदनशील जगहों पर विशेष सतर्कता रखी जाएगी। दोनों निकायों में कुल 76 प्रत्याशियों ने 100 नामांकन पत्र जमा किए नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को दोनों निकायों में कुल 76 प्रत्याशियों ने 100 नामांकन पत्र जमा किए। नगर परिषद जैसलमेर में 9 सितंबर को और नगरपालिका पोकरण में 11 सितंबर को मतदान प्रस्तावित है। दोनों ही जगह 27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई है। कल छुट्टी, 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक ही पर्चे जमा होंगे रिटर्निंग अधिकारियों ने बताया कि रविवार (30 अगस्त) को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण नामांकन जमा नहीं होंगे। पर्चा दाखिल करने की लास्ट डेट सोमवार (31 अगस्त) है। प्रत्याशी अंतिम दिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक फॉर्म जमा कर सकते हैं। इसके बाद 1 सितंबर को फार्मों की जांच (संवीक्षा) होगी। 3 सितंबर दोपहर 3:00 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और 4 सितंबर को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह बांटे जाएंगे।