अलवर नगर निगम में पार्षद का चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवार नामांकन भरने मिनी सचिवालय पहुंचे हैं। फिलहाल कांग्रेस और बीजेपी ने प्रत्याशियों के टिकट की घोषणा नहीं की है। हालांकि यहां निगम से कांग्रेस के 14 नाम फाइनल माने जा रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि बागियों को रोकने के लिए कांग्रेस व बीजेपी अपने प्रत्याशियों की लिस्ट नामांकन के आखिरी दिन सीधे जमा कराएगी। नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई थी। पहले दिन केवल 2 फॉर्म जमा हुए थे। शुक्रवार को रक्षाबंधन का अवकाश हो गया। कल रविवार का अवकाश हो जाएगा। सोमवार को नामांकन जमा कराने की आखिरी तारीख है। इस कारण आज ज्यादा भीड़ है। संभावित उम्मीदवार एक से ज्यादा संख्या में नामांकन करने आ रहे हैं। बता दें कि निकाय चुनाव में निर्दलीय भी बड़ी संख्या में चुनाव लड़ते हैं। ऐसे में संभावना है कि इनकी संख्या किसी भी पार्टी से टिकट लेने वालों से ज्यादा हो सकती है। कुछ बागी होकर भी मैदान में उतरेंगे। कांग्रेस व बीजेपी के संभावित दावेदार आज बड़ी संख्या में फार्म भरेंगे। दोनों पार्टियां आखिरी दिन अपने प्रत्याशियों के सीधे सिंबल जमा कराएंगी। चुनाव से जुड़ी 3 प्रमुख बात 1. कांग्रेस के ये 14 नाम माने जा रहे फाइनल अलवर नगर निगम के वार्ड 4 से ज्योति जाटव, 5 से केशव सारवान, 8 से राजकुमार छीलवाल या विनीश कुमार, 10 से नीतू कोहली, 13 से शारदा शर्मा, 20 से मनीषा प्रजापत या नेहा गौड़, 23 से रवि कपूर, 27 से पिंकी सैनी, 30 से गोपाल जायसवाल, 35 से रितेश सैनी, 39 से कमलेश मिश्रा, 48 से कुसुमलता गोपालिया, 52 से सुदर्शन अरोड़ा एवं वार्ड 60 से कैलाश सैनी का नाम फाइनल माना जा रहा है। हालांकि कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची आने के बाद ही अधिकृत माना जाए। 2. हर वार्ड के नामांकन के लिए अलग रूम नामांकन दाखिल करने के लिए मिनी सचिवालय में वार्डवार अलग-अलग कमरे निर्धारित किए गए हैं। वार्ड नंबर 1 से 13 तक के प्रत्याशी कमरा नंबर 17 से नामांकन फॉर्म लेकर वहीं जमा कर सकते हैं। वार्ड 14 से 26 तक के लिए कमरा नंबर 32, वार्ड 27 से 39 के लिए कमरा नंबर 83, वार्ड 40 से 52 के लिए कमरा नंबर 66 तथा वार्ड 53 से 65 तक के लिए कमरा नंबर 78 निर्धारित किया गया है। 3. नामांकन भरने के लिए 29 और 31 अगस्त का ही दिन नामांकन 27 अगस्त से जमा होना शुरू हो गए थे। पहले दिन दो नामांकन आए थे। जिनमें अलवर नगर निगम के एससी रिजर्व वार्ड नंबर 11 से पूर्व पार्षद देवेंद्र रसगनिया ने नामांकन दाखिल किया था। उन्होंने बीजेपी और निर्दलीय के तौर पर दो फॉर्म जमा कराए हैं। 31 अगस्त तक सुबह 10ः30 बजे से दोपहर 3 बजे तक (राजकीय अवकाश को छोड़कर) नामांकन भरे जा सकते हैं। नामांकन जमा कराने के लिए अब केवल 29 और 31 अगस्त का दिन है। 30 अगस्त का रविवार है। निवार्चन अधिकारी का कहना है कि नामांकन में अभ्यर्थी की खुद, परिवार सहित अन्य विभिन्न प्रकार की विस्तृत जानकारी भरी जानी है। इसलिए अभ्यर्थी नाम निर्देशन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द अपना नाम निर्देशन पत्र भरें।