जैसलमेर और पोकरण निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने ज्यादातर प्रत्याशियों के टिकट फाइनल कर दिए हैं। कांग्रेस ने अपनी सूची मंजूरी के लिए जयपुर भेज दी है, जबकि भाजपा ने बगावत से बचने के लिए नाम सार्वजनिक करने के बजाय दावेदारों को फोन पर टिकट की जानकारी दी है। दोनों दलों की आधिकारिक सूची रविवार को जारी होने की उम्मीद है। इसके बाद नामांकन के अंतिम दौर में प्रत्याशियों के साथ नेताओं के शक्ति प्रदर्शन का दौर तेज होगा। भाजपा ने फोन पर उम्मीदवारों को दी जानकारी भाजपा ने भी जैसलमेर और पोकरण के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम लगभग तय कर लिए हैं। हालांकि पार्टी ने अभी सूची सार्वजनिक नहीं की है। उम्मीदवारों को व्यक्तिगत रूप से फोन कर टिकट की पुष्टि की जा रही है। पार्टी की कोशिश है कि नाम पहले से सार्वजनिक होने पर असंतुष्ट दावेदार बगावत न करें। फोन पर टिकट की जानकारी देने के बाद प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल सौंपा जाएगा। भाजपा ने पिछले चुनाव के अनुभवों को देखते हुए इस बार उम्मीदवारों के नाम गुप्त रखने की रणनीति अपनाई है। रविवार को दोनों दलों की सूची आने की उम्मीद नामांकन की अंतिम तारीख नजदीक होने और बीच में छुट्टियां आने के कारण दोनों पार्टियों पर जल्द टिकट तय करने का दबाव था। अब जैसलमेर और पोकरण के लिए दोनों दलों ने अपने-अपने नाम लगभग तय कर लिए हैं। ऐसे में रविवार को दोनों पार्टियों की आधिकारिक सूची सामने आने की संभावना है। इसके बाद सोमवार से नामांकन केंद्रों पर प्रत्याशियों के साथ नेताओं के शक्ति प्रदर्शन और पर्चे दाखिल करने का दौर तेज होने की उम्मीद है।