जैसलमेर शहर और आसपास के इलाकों में रहने वाले बिजली उपभोक्ताओं के लिए शनिवार का दिन परेशानी भरा हो सकता है। शहर के 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन (आरवीपीएन) पर जरूरी मेंटेनेंस और मरम्मत कार्य के चलते शनिवार सुबह बिजली गुल रहेगी। सहायक अभियंता जेठू सिंह भाटी ने बताया कि ग्रिड में करंट बदलने और जंप रिंग का विशेष कार्य किया जाना है, जिसके कारण सुबह 8 बजे से 11 बजे तक तीन घंटे का शटडाउन रहेगा। इस दौरान कई प्रमुख फीडरों से जुड़े क्षेत्रों की बत्ती गुल रहेगी, जिससे लोगों को गर्मी के बीच कुछ असुविधा हो सकती है। सुबह 8 से 11 बजे तक रहेगा शटडाउन आरवीपीएन के सहायक अभियंता जेठू सिंह भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रिड सब स्टेशन पर मेन बस बार पर करंट ट्रांसफार्मर (CT) बदलने और जंप रिंग का विशेष कार्य किया जाना है। तकनीकी कार्यों को सुरक्षा के साथ पूरा करने के लिए बिजली का शटडाउन लेना जरूरी है। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार शनिवार को सुबह 8 बजे से लेकर 11 बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद रहेगी। इन इलाकों की बत्ती रहेगी गुल सहायक अभियंता ने बताया कि इस मेंटेनेंस कार्य के दौरान 132 केवी जीएसएस से निकलने वाले 33 केवी के विभिन्न फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। मुख्य रूप से 33 केवी फीडर में गोल्डन सिटी फीडर, डेडानसर फीडर, देवी कोट फीडर, देवा फीडर, और पोहड़ा फीडर बंद रहेंगे। इन सभी 33 केवी फीडरों के अंतर्गत आने वाले शहरी और ग्रामीण इलाकों में सुबह 8 बजे से 11 बजे के बीच बिजली की सप्लाई ठप रहेगी। विभाग ने की सहयोग की अपील बिजली विभाग ने आमजन और प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे शटडाउन के इस समय को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी और बिजली से जुड़े काम समय से पहले ही पूरे कर लें। तीन घंटे के इस आवश्यक रखरखाव कार्य के पूरा होने के बाद निर्धारित समयावधि के तुरंत बाद बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं को हुई इस अस्थायी असुविधा के लिए खेद जताया है और सभी से सहयोग की अपेक्षा की है।