जैसलमेर शहर के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों के चलते नागरिकों को आगामी कुछ घंटों के लिए बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। जैसलमेर में अंबेडकर चौराहे से 132 केवी जीएसएस तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य किए जाने के कारण विद्युत् लाइनों को शिफ्ट करने की आवश्यकता पड़ी है। जिसके चलते आज सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक यानी कुल 4 घंटे के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। एक्सईएन प्रदीप बारूपाल ने बताया- इस दौरान 132 केवी जीएसएस से निकलने वाले 33 केवी देगा पोखरण, खुहड़ी, थईयात एवं देविकोड फीडर बंद रहेंगे, जिससे इन फीडरों से जुड़े 33/11 केवी जीएसएस और तमाम 11 केवी फीडरों के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों की बिजली सप्लाई बंद कर दी जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तय समय से पहले अपने जरूरी बिजली से जुड़े कार्यों को पूरा कर लें ताकि असुविधा से बचा जा सके।