जैसलमेर के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से राहत मिलने वाली है। स्वायत्त शासन विभाग जयपुर के खास निर्देशों के आधार पर 'विकसित भारत जन सेवा सेतु अभियान-2026' की शुरुआत होने जा रही है। इस अभियान के तहत शहर के सभी वार्डों में आगामी 7 अक्टूबर से लेकर 16 अक्टूबर तक विशेष वार्डवार कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य यह है कि हर वार्ड के लोगों को उनकी जरूरत की योजनाएं और प्रशासनिक मदद एक ही जगह पर आसानी से मिल सके, ताकि किसी को भी किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारीयों को बनाया प्रभारी और सह प्रभारी नगरपरिषद के आयुक्त पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिविरों का पूरा शेड्यूल तैयार कर लिया गया है। कार्यक्रम के मुताबिक 7 अक्टूबर से कैंप शुरू होंगे जो लगातार 16 अक्टूबर तक चलेंगे। इन शिविरों के सुचारू रूप से संचालन और व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए नगरपरिषद के अधिशाषी अभियंता विनोद कुमार सोलंकी को मुख्य शिविर प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सहायक अभियंता हंसराज को उनका सह-प्रभारी बनाया गया है। प्रशासन की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे इन शिविरों के दौरान अपने सभी कामों और जिम्मेदारियों को पूरी संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ पूरा करें, ताकि हर जरूरतमंद इंसान तक सरकारी मदद पहुंच सके।