महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति के बीच रिपब्लिकन सेना के प्रमुख आनंदराज अंबेडकर का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। जालना में पार्टी के 28वें स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र सरकार की 'पानी रोको, पानी रिचार्ज करो' नीति पर सवाल उठाए और इस दौरान दिवंगत नेता अजित पवार का नाम लेकर 2013 के एक पुराने विवाद को फिर से हवा दे दी।
क्या था पूरा मामला?
आनंदराज अंबेडकर ने सरकार की जल संरक्षण नीति पर तंज कसते हुए कहा, 'अगर बारिश ही नहीं हुई है, तो पानी रोकेंगे कैसे? तालाब भरने के लिए अजित पवार को बुलाएं।' यह टिप्पणी सीधे तौर पर अप्रैल 2013 के उस विवाद की ओर इशारा थी, जब अजित पवार ने सूखे और खाली बांधों पर एक विवादास्पद बयान दिया था, जिस पर देश भर में भारी हंगामा हुआ था।
विवाद बढ़ने के बाद आनंदराज अंबेडकर ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उन्होंने अजित पवार का नाम केवल व्यंग्य के तौर पर लिया था। उनका मकसद अतीत में पानी की कमी पर दिए गए उन नेताओं के बयानों की ओर इशारा करना था, जो संवेदनहीन माने गए थे।
सूखे को बताया 'मैन-मेड' आपदा
अंबेडकर ने केवल नीतिगत तंज नहीं कसा, बल्कि उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र का सूखा कुदरती नहीं, बल्कि 'मैन-मेड' (मानव निर्मित) है। उन्होंने सरकारों पर आरोप लगाया कि लगातार पानी बचाने और बेहतर योजना बनाने में विफलता के कारण आज राज्य इस स्थिति में पहुंचा है।
राज्य में सूखे की भयावह स्थिति
सरकारी आंकड़ों और जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र का 86% से अधिक हिस्सा सूखे की चपेट में है। राज्य के करीब 310 तालुका सूखाग्रस्त हैं। इस समय बांधों में पानी का स्तर 26% तक कम हो गया है। सोलापुर, बीड, धाराशिव, जालना और यवतमाल जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहां बारिश की भारी कमी के कारण पीने के पानी और सिंचाई के लिए किसानों को संघर्ष करना पड़ रहा है।