मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका और करीब 20 मिनट तक कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट को बंद रखकर अपना विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने बताया- राहुल गांधी ने देशभर में चलाए जा रहे 'वोट चोर' अभियान के तहत जालोर कलेक्ट्रेट के समक्ष बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाए और तत्काल इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के जरिए करीब 11 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं, जो कि लोकतंत्र के लिए बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पिछले 10 महीनों में 14 बार उच्च न्यायालय में आपत्तियां दर्ज कराई गईं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन में ये प्रमुख नेता रहे विरोध-प्रदर्शन के दौरान जालोर नगर परिषद के नवनियुक्त सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली सैय्यद, सांचौर के पूर्व विधायक सुखराम विश्नोई, आहोर विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी सरोज चौधरी, लक्ष्मण सिंह सांखला, पुखराज माली, शेरू खान, दिलीप सुन्देशा, सुष्मिता गर्ग, सुरेश मेघवाल, महेंद्र जीनगर, बसंत सुथार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।