पंचायतीराज चुनाव को लेकर जिले में मंगलवार से दूसरे चरण की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ पंच-सरपंच पदों के लिए लोक सूचना जारी होने के बाद पहले दिन नामांकन दाखिल करने का सिलसिला शुरू हुआ। जिला परिषद सदस्य पद के लिए शाम तीन बजे तक 26 प्रत्याशियों ने 29 नामांकन प्रस्तुत किए हैं। जबकि जालोर पंचायत समिति सदस्य पद के लिए कुल 7 नामांकन दाखिल हुए। जालोर जिले में पहले चरण में चुनाव नहीं होगें। दूसरे चरण में जालोर, भीनमाल, जसवंतपुरा, सायला, आहोर, भाद्राजून और उम्मेदाबाद पंचायत समितियों में चुनाव कराए जाएंगे। मंगलवार को लोक सूचना जारी होने के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गईं। दोपहर बाद प्रत्याशियों ने नामांकन प्रस्तुत किए। जालोर में सहायक निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार के समक्ष पंचायत समिति सदस्य पद के लिए भाजपा के 4 और निर्दलीय प्रत्याशियों के 3 नामांकन दाखिल हुए। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन प्रस्तुत किए जा सकेंगे। 17 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 16 अक्टूबर को सूची जारी कर सकते हैं दोनों दल पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस में प्रत्याशियों के चयन पर मंथन जारी है। दोनों ही दलों ने अब तक उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है। संभावना है कि नामांकन की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर को दोनों दल अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकते हैं। ऐसे में टिकटों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई हैं। भाजपा में संभाग और जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष और स्थानीय वरिष्ठ नेता प्रत्याशियों के चयन में जुटे हैं। भीनमाल स्थित जिलाध्यक्ष कार्यालय में दावेदारों के नामों पर चर्चा की जा रही है। पार्टी स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों के संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन जारी है। वहीं, कांग्रेस में विधानसभा क्षेत्रवार गतिविधियां तेज हैं। अलग-अलग क्षेत्रों के वरिष्ठ नेता प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के टिकटों पर अंतिम फैसला होना बाकी है। ऐसे में नामांकन की समय सीमा के भीतर उम्मीदवार तय करना दोनों दलों के लिए चुनौती बना हुआ है। पंचायत समिति सदस्य के लिए आए नामांकन जालोर जिले की पंचायत समिति सदस्यों के लिए 56 व्यक्तियों द्वारा 62 नामांकन प्राप्त हुए पंचायत समिति सदस्यों के लिए आहोर पंचायत समिति में 12 व्यक्तियों द्वारा 13 नामांकन पत्र, भाद्राजून पंचायत समिति में 1 व्यक्ति द्वारा 1 नामांकन, भीनमाल पंचायत समिति में 11 व्यक्तियों द्वारा 14 नामांकन, जालोर पंचायत समिति में 6 व्यक्तियों द्वारा 7 नामांकन, सायला पंचायत समिति में 13 व्यक्तियों द्वारा 13 नामांकन, उम्मेदाबाद पंचायत समिति में 13 व्यक्तियों द्वारा 14 नामांकन संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को प्रस्तुत किए गए। वहीं जसवंतपुरा पंचायत समिति में पहले दिन एक भी नामाकंन पत्र प्राप्त नहीं हुआ। जिला परिषद सदस्य चुनाव 2026 — नामांकन सूची