निकाय चुनावों के बाद जालोर नगर परिषद के नवनियुक्त सभापति बंशीलाल माली और उप सभापति मुमताज अली मंगलवार को पहली बार एक्शन मोड में नजर आए। शाम करीब 4 बजे सभापति और उप सभापति नगर परिषद के अधिकारियों के लवाजमे के साथ शहर के भ्रमण पर निकले और आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का जायजा लेकर मौके पर ही अधिकारियों को सुधार के दिशा-निर्देश दिए। सुंदेलाव तालाब के निरीक्षण के दौरान किनारे पर फैली झाड़ियों, कचरे के ढेरों और बढ़ते अतिक्रमण पर सभापति ने भारी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल झाड़ियों को कटवाने और सफाई कराने के आदेश दिए। साथ ही, तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए जल्द ही चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) निर्माण का प्रस्ताव पारित करने का निर्णय लिया। मुख्य बाजारों और सुंदेलाव तालाब का निरीक्षण किया भ्रमण के दौरान सभापति बंशीलाल माली ने शहर के मुख्य बाजार, गांधी चौक, सदर बाजार, बागोड़ा रोड और ऐतिहासिक सुंदेलाव तालाब का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की बदहाल स्थिति, नालियों की सफाई और शहर की यातायात और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। अतिक्रमण हटाने को 2 दिन का अल्टीमेटम दिया सार्वजनिक स्थलों पर सामान और कबाड़ फैलाकर किए गए अतिक्रमण पर सभापति ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को सार्वजनिक स्थानों से सामान स्वयं हटाने के लिए 2 दिन का समय दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दो दिन में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर परिषद की टीम द्वारा इसे सख्त कार्रवाई कर जब्त और साफ किया जाएगा। सड़क जीर्णोद्धार और पार्किंग व्यवस्था पर जोर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सभापति ने जगह-जगह वाहन पार्किंग स्थल चिह्नित कर विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शहर की जर्जर व टूटी सड़कों के तत्काल जीर्णोद्धार और नालों के व्यवस्थित निर्माण कार्य को गति देने के लिए अधिकारियों को पाबंद किया।