जम्मू-कश्मीर में CRPF कैंप पर हुए आतंकी हमले के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। हमले को अंजाम देने वाले लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज वायरल हुआ है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ये दोनों आतंकी फायरिंग से पहले कैंप की रेकी कर रहे थे।
टैक्सी से उतरकर की थी रेकी
वायरल फुटेज करीब 56 सेकंड का है, जिसमें दोनों आतंकी एक टैक्सी से उतरते हुए नजर आ रहे हैं। फुटेज में लश्कर कमांडर लतीफ और उसका साथी मोहम्मद मीर उमर कैंप की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इन्हीं आतंकियों ने 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। उस दौरान महज 15 सेकंड में करीब 30 राउंड फायरिंग की गई थी, जिसका वीडियो भी पहले सामने आ चुका है।
मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर
सोमवार को कुलगाम जिले के लारू में सुरक्षाबलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में इन आतंकियों को घेर लिया गया। करीब 3 घंटे तक चले इस ऑपरेशन में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकियों को मार गिराने का दावा किया। सुरक्षा एजेंसियों को उमर का शव बरामद हो गया है, लेकिन लतीफ की बॉडी अभी तक नहीं मिली है। पुलिस और सुरक्षाबल अभी भी सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
इस एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला था।
लगातार कमजोर हो रहा लश्कर
सुरक्षाबलों के लिए यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पिछले 6 महीनों में लश्कर-ए-तैयबा के 4 बड़े कमांडर मारे जा चुके हैं। इससे पहले जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी को सुरक्षाबलों ने अलग-अलग ऑपरेशनों में ढेर किया था। आंकड़ों के मुताबिक, 2024 से अब तक जम्मू-कश्मीर में 548 आतंकी घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 138 आतंकी मारे गए हैं और 45 जवान शहीद हुए हैं।