भारत और जापान के बीच रक्षा संबंधों में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। टोक्यो में हुई मंत्रिस्तरीय वार्ता के बाद यह तय हुआ है कि जापान अगले साल से अपनी लंबी दूरी की मिसाइलों का परीक्षण भारत की फायरिंग रेंज में करेगा। इस समझौते को दोनों देशों के बीच गहराते रक्षा सहयोग और सामरिक साझेदारी के रूप में देखा जा रहा है।

जापान को क्यों पड़ी भारत की जरूरत?

जापान के सामने मिसाइलों की लाइव-फायर टेस्टिंग एक बड़ी चुनौती रही है। भौगोलिक रूप से जापान कई द्वीपों से बना एक देश है, जहाँ आबादी का घनत्व बहुत अधिक है। इसके अलावा, समुद्र के आसपास का इलाका भी व्यस्त व्यापारिक मार्गों से भरा है। लंबी दूरी की मिसाइलों, जैसे कि 1000 किलोमीटर रेंज वाली 'टाइप-25 एंटी-शिप मिसाइल', के परीक्षण के लिए एक ऐसे सुरक्षित और विस्तृत क्षेत्र की आवश्यकता होती है जहाँ किसी नागरिक गतिविधि को खतरा न हो।

वहीं, भारत के पास विशाल सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्र और समुद्र में व्यापक ऑपरेशनल स्पेस उपलब्ध है। जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोईजुमी ने स्पष्ट किया है कि भारत की फायरिंग रेंज का उपयोग जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स के लिए वास्तविक परिस्थितियों में मिसाइल क्षमता को परखने का एक बेहतर अवसर साबित होगा।

'यूनिकॉर्न' सिस्टम और तकनीक पर साझेदारी

भारत और जापान केवल मिसाइल टेस्टिंग तक सीमित नहीं रहेंगे। दोनों देश 'यूनिकॉर्न' (UNICORN) स्टील्थ नेवल मास्ट सिस्टम पर भी काम कर रहे हैं। यह एक उन्नत एंटीना सिस्टम है, जिसे युद्धपोतों की संचार क्षमता बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। 'डिजाइन विथ जापान, मेक इन इंडिया' पहल के तहत फरवरी 2027 तक इसके लिए अनुमति मिलने की उम्मीद है।

समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद पर साझा रुख

दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया है। भारतीय और जापानी नौसेना अब खुफिया जानकारी साझा करने, समुद्र में राहत-बचाव कार्य और बारूदी सुरंगों को नष्ट करने जैसी गतिविधियों में एक-दूसरे का सहयोग करेंगी।

इसके साथ ही, संयुक्त बयान में दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ भी अपनी साझा चिंता जाहिर की है। भारत और जापान ने सीमा पार आतंकवाद की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए अल-कायदा, लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों के खतरों पर जोर दिया। दोनों देशों का मानना है कि आतंकियों को मिलने वाली पनाहगाह और आर्थिक मदद पर रोक लगाना वैश्विक सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।