जसोल में मारवाड़ राजपूत सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रविन्द्र सिंह राणावत और उनकी कार्यकारिणी का स्वागत किया गया। अध्यक्ष बनने के बाद राणावत का जसोल नगर पालिका क्षेत्र में यह पहला दौरा था। इस दौरान लोहार समाज सहित विभिन्न समाजों और वर्गों के लोगों ने उनका अभिनंदन किया। रावलगढ़ में राजपूत समाज और छत्तीसी कौम ने किया स्वागत इसके बाद रविन्द्र सिंह राणावत पूरी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के साथ रावलगढ़, जसोल पहुंचे। यहां हरिशचंद्र सिंह जसोल की अगुवाई में राजपूत समाज और छत्तीसी कौम की ओर से स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजपूत समाज के साथ छत्तीसी कौम के बुद्धिजीवी, गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन, युवा और नगर पालिका क्षेत्र के बड़ी संख्या में निवासी शामिल हुए। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता, संस्कार, शिक्षा और सेवा भावना में है। सामाजिक संगठन तभी प्रभावी ढंग से काम कर सकते हैं, जब वे सभी वर्गों को साथ लेकर समाज के कल्याण के लिए आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि मारवाड़ की परंपरा सामाजिक समरसता, स्वाभिमान और लोककल्याण की रही है। नई कार्यकारिणी को युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सहयोग और जरूरतमंद परिवारों की मदद जैसे विषयों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने रविन्द्र सिंह राणावत और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नया नेतृत्व समाज को संगठित, मजबूत और प्रगतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जसोल परिवार के सामाजिक कार्यों की सराहना ईश्वर सिंह इंदा ने अपने संबोधन में रावल किशन सिंह जसोल के जनहित, धर्मार्थ और सामाजिक कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जसोल परिवार ने अपनी परंपराओं के अनुरूप समाज सेवा और लोककल्याण को हमेशा प्राथमिकता दी है। उन्होंने रावल किशन सिंह जसोल की सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए कहा कि परंपरा, सामाजिक जिम्मेदारी और लोककल्याण की यह भावना पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। घनश्याम सिंह शेखावत ने भी रावल किशन सिंह जसोल के मार्गदर्शन में सामाजिक, धार्मिक और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में पद और प्रतिष्ठा की सार्थकता सेवा, सहयोग और लोककल्याण से ही साबित होती है। जसोल परिवार की ओर से सर्व समाज के हित में निभाई जा रही भूमिका अनुकरणीय है। रविन्द्र सिंह राणावत ने जताया आभार मारवाड़ राजपूत सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रविन्द्र सिंह राणावत ने स्वागत और सम्मान के लिए राजपूत समाज सहित छत्तीसी कौम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें मिला अध्यक्ष पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सर्व समाज की सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। राणावत ने सर्व समाज की एकता को मजबूत करने, युवाओं को आगे बढ़ाने, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने तथा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जसोल में मिले स्नेह, सम्मान और अपनत्व से पूरी कार्यकारिणी को सर्व समाज के प्रति और अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि राजपूत समाज और छत्तीसी कौम को साथ लेकर सर्व समाज के हित में वे निरंतर प्रयासरत और समर्पित रहेंगे। युवाओं को विरासत और संस्कारों से जुड़ने का संदेश अरविन्द सिंह भाटी ने कहा कि सर्व समाज के युवाओं को अपनी गौरवशाली विरासत और संस्कारों से जुड़े रहते हुए शिक्षा, नेतृत्व, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ना चाहिए। राणीसा भटियाणी मंदिर में किया दर्शन रावलगढ़ में स्वागत और संबोधन कार्यक्रम के बाद रविन्द्र सिंह राणावत सहित पूरी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोल पहुंची। यहां संस्थान की ओर से सभी पदाधिकारियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया। इसके बाद कार्यकारिणी के सदस्यों ने श्री राणीसा भटियाणीसा के दर्शन किए। इस दौरान सर्व समाज की सुख-समृद्धि, एकता और आगामी कार्यकाल की सफलता के लिए मंगलकामना की गई। मंदिर परिसर में मारवाड़ राजपूत सभा की नई कार्यकारिणी के कार्यकाल के सफल और सार्थक होने की कामना की गई। साथ ही सामाजिक समरसता, सेवा, शिक्षा, युवा उत्थान और सामाजिक प्रगति के क्षेत्र में कार्य करने की उम्मीद जताई गई।