सेंदड़ा थाना पुलिस ने सूने मकान में दिनदहाड़े हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा किया। मुख्य आरोपी सहित एक महिला को गिरफ्तार किया। गिरोह में शामिल एक नाबालिग को डिटेन किया। पुलिस ने पीड़ित के घर से चोरी गए सोने-चांदी के शत-प्रतिशत आभूषण और नकदी बरामद कर ली है। पकड़े गए आरोपियों ने ब्यावर, सेंदड़ा, बर व साकेतनगर क्षेत्र में कुल 15 चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। ब्यावर एसपी रतन सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार, एएसपी डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं रायपुर सीओ बंशीलाल पाण्डर के निकट सुपरविजन में, सेंदड़ा थानाधिकारी धोलाराम परिहार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अस्पताल गए थे परिजन, पीछे से अलमारी से चुराए थे जेवर व नकदी : सेंदड़ा थानाधिकारी धोलाराम परिहार ने बताया कि पहाड़ा बाबा का बाड़िया (सबलपुरा) निवासी बुद्धा काठात मेहरात ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 2 सितंबर की दोपहर वह काम पर था। परिवार के लोग अस्पताल में भर्ती होने के कारण ब्यावर गए थे। पीछे से अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखी दो सोने की चूड़ियां, सोने की चेन, झुमकी, लॉकेट, सांवलिया, चार चांदी की पायजेब, दो चांदी की चूड़ियां, 15 हजार रुपये नकद चुरा लिए। मामला दर्ज कर गठित विशेष पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी जसवंतसिंह उर्फ गोलू (निवासी नुंद्री महेंद्रतान, साकेतनगर) को नामजद कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी जसवंतसिंह ने सेंदड़ा, बर, साकेतनगर, ब्यावर सिटी में चोरी की 10 वारदातें कबूल की हैं। मामले में संलिप्त महिला आरोपी निरमा (28), पत्नी सोनू सिंह निवासी अतीत मंड, थाना साकेतनगर को भी गिरफ्तार किया है। उसने पूर्व की 5 वारदातें कबूली हैं। गिरोह में शामिल एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया है। पुलिस अब मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी इकबाल पुत्र नूराजी निवासी लुलवा, हाल नुंद्री महेंद्रतान की तलाश में जुटी है।