मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान भगवान राम को लेकर अपनी बात रखी। मुंबई में 'इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी' (IPRS) की रिपोर्ट लॉन्च के अवसर पर जावेद अख्तर ने कहा कि भगवान राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। उन्होंने कहा कि भारत के हर इंसान के खून में भगवान राम मौजूद हैं, चाहे उनका धर्म कुछ भी हो।
राम एक विचार हैं: जावेद अख्तर
जावेद अख्तर ने बातचीत के दौरान यह स्वीकार किया कि उनके इस बयान से कुछ लोग नाराज हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि राम नैतिकता और जीवन जीने के तरीके का प्रतिनिधित्व करते हैं। कार्यक्रम में उनसे नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' और उसके संगीत को लेकर भी सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि एक अच्छा लेखक होने के नाते उनके शब्द लोगों के दिलों तक पहुंचते हैं।
उन्होंने अपनी बात पुष्ट करने के लिए संत रहीम का एक दोहा भी सुनाया: “रहिमन मुश्किल आ पड़ी, टेढ़े दऊ काम। सीधे से जग न मिले, उलटे मिले ना राम॥”
मौलाना साजिद रशीदी की तीखी प्रतिक्रिया
जावेद अख्तर के इस बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मौलाना ने जावेद अख्तर पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बॉलीवुड में अपनी व्यावसायिक जरूरतों के लिए ऐसी बातें कह रहे हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में मौलाना रशीदी ने कहा, "जावेद अख्तर खुद को नास्तिक कहते रहे हैं। जो व्यक्ति नास्तिक है, वह अचानक राम में इतनी आस्था दिखा रहा है। मेरा उन्हें सुझाव है कि वे 'घर वापसी' कर लें और अपना नाम बदलकर 'रामपाल' रख लें। इससे उन्हें सम्मान भी मिलेगा।"
विपक्ष की राय
इस पूरे मामले पर कांग्रेस नेता उदित राज ने भी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर का यह अपना नजरिया है और हर व्यक्ति को धार्मिक ग्रंथों की अपनी तरीके से व्याख्या करने का पूरा अधिकार है।