झालावाड़ के भालता थाना क्षेत्र में छापी नदी के उमरिया एनीकट में नहाने के दौरान डूबे जीजा-साले प्रेम सिंह (38) और ईश्वर सिंह मेघवाल (25) के शव बुधवार को SDRF टीम ने बरामद कर लिए। मंगलवार शाम दोनों गहरे पानी में चले गए थे और लापता हो गए थे। बुधवार सुबह रेस्क्यू के दौरान प्रेम सिंह का शव मिला, जबकि करीब शाम 4 बजे ईश्वर सिंह का शव भी नदी से बाहर निकाल लिया गया। साथी ने ग्रामीणों और पुलिस को दी सूचना भालता थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि प्रेम सिंह निवासी दमदम, थाना नलखेड़ा, जिला आगर और उसका साला ईश्वर सिंह मेघवाल निवासी लखोनी, थाना माचलपुर, मध्यप्रदेश अपने साथी जितेंद्र निवासी लखोनी के साथ भालता क्षेत्र में आए थे। मंगलवार शाम दोनों उमरिया एनीकट पर नहाने के लिए नदी में उतरे थे। नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। बाहर मौजूद उनके साथी जितेंद्र ने घटना की जानकारी ग्रामीणों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई। अंधेरा होने से रात में रुका रेस्क्यू काफी प्रयास के बाद भी दोनों युवकों का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण नदी में तलाशी अभियान चलाने में परेशानी हुई। इसके बाद SDRF टीम को सूचना दी गई। टीम रात में मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण नदी में प्रभावी तरीके से तलाशी नहीं हो सकी। सुबह मिला पहला शव, शाम को दूसरे की तलाश पूरी बुधवार सुबह SDRF टीम ने दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान टीम ने सबसे पहले प्रेम सिंह का शव नदी से बाहर निकाला और उसे अकलेरा अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद टीम ने दूसरे युवक ईश्वर सिंह मेघवाल की तलाश जारी रखी। करीब शाम 4 बजे SDRF ने ईश्वर सिंह का शव भी नदी से बरामद कर लिया। अस्पताल की मोर्चरी में रखे शव पुलिस ने दोनों शवों को अकलेरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।