झालावाड़ में जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया से वोट चोरी और मतदाता अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया। कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुराने कांग्रेस कार्यालय से मिनी सचिवालय तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। उन्होंने हाथों में झंडे-बैनर लेकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में बदलाव की जानकारी सार्वजनिक हो और हर पात्र मतदाता का वोट सुरक्षित रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र में हर मतदाता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। किसी भी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। गुर्जर ने कहा कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर जनता का विश्वास कायम रहना लोकतंत्र के लिए जरूरी है। कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठा रही है।