झालावाड़ में अनंत चतुर्दशी पर होने वाली गणपति विसर्जन शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर शनिवर को अग्रवाल सेवा सदन में बैठक आयोजित की गई। इसकी शुरुआत पीपाधाम पीठ के संत दास त्यागी महाराज के आशीर्वचन से हुई। शहर के कई गणेश पंडालों और समितियों के कार्यकर्ताओं ने इसमें हिस्सा लिया और शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए सुझाव दिए। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि शोभायात्रा में ज्यादा से ज्यादा लोग शामिल हों। सभी गणेश मंडल समितियों ने तय किया कि वे हर घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और उन्हें गणपति विसर्जन शोभायात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान गणेश विसर्जन स्थल नया तालाब में फैली गंदगी का मुद्दा भी उठा। मौजूद सदस्यों ने शहर के दूसरे तालाबों में बढ़ रही गंदगी पर भी चिंता जताई। गणेश पंडाल समितियों ने हिंदू महोत्सव आयोजन समिति के साथ मिलकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें नया तालाब की सफाई कराने की मांग की गई। बैठक में यह भी तय हुआ कि 20 सितंबर को सुबह 8 बजे नया तालाब पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान जनसहयोग से शहर में चल रहे सफाई अभियान का हिस्सा होगा। इसमें छात्र, पर्यावरण मित्र, गणेश मंडल समितियों के कार्यकर्ता और दूसरे लोग शामिल होंगे। आयोजन समिति ने सभी से इस सफाई अभियान में जुड़ने की अपील की है। बैठक में गढ़ गणपति सेवा समिति (गढ़ के राजा), दादा गणेश समिति, शीतला क्लब, सिद्धी विनायक सेवा समिति, गुरु गणपति कहार सेवा समिति धनवाड़ा, गणनायक नवयुवक मंडल तोपखाना, बड़ गणपति समिति, गोदाम की तलाई मित्र मंडल, श्री इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर व्यायामशाला, रिद्धि सिद्धी विनायक मंडल, श्री शनि देव मंदिर गणपति समिति और अन्य गणपति मंडल समितियों के सदस्य मौजूद थे। 23 सितंबर को होगी अगली बड़ी बैठक बैठक में कहा गया कि सभी गणपति मंडल कार्यकर्ता हिंदू महोत्सव आयोजन समिति का अहम हिस्सा है और शोभायात्रा को सफल बनाने में सभी की भागीदारी आवश्यक है। सभी समितियों से कंधे से कंधा मिलाकर एकजुट होकर आयोजन में सहयोग करने का आह्वान किया गया। हिंदू महोत्सव आयोजन समिति की ओर से 23 सितंबर को अगली बड़ी बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें झालावाड़ शहर की सभी गणपति समितियों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, वरिष्ठजनों और मातृशक्ति से उपस्थित होकर शोभायात्रा की तैयारियों में सहयोग करने का आग्रह किया।