झालावाड़ के गेहूखेड़ी में स्थित राजकीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) ने आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत सभी 18 तय मानकों का 100 फीसदी पालन किया है। इसके चलते केंद्र को 11 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव राज्य स्तरीय समन्वय समिति को भेजने की मंजूरी दी गई है। यह फैसला मिनी सचिवालय में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई योजना की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में जिले में चुने गए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मानकों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने गेहूखेड़ी में लक्ष्य पूरा होने पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के प्रयासों की तारीफ की। जिला कलेक्टर ने गादिया, पिपलिया, रायपुर और हिम्मतगढ़ के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी सभी 18 मानकों का 100 फीसदी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपस में तालमेल बनाकर गंभीरता से काम करें और तय मानकों को समय पर पूरा करें। इससे इन संस्थानों को भी 11 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को अगले एक महीने में अच्छे नतीजे लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और स्वच्छता सहित अलग-अलग विभागों से जुड़े मानकों की नियमित समीक्षा करने, कमियों को दूर करने और प्रगति की लगातार निगरानी करने को कहा। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभूदयाल मीणा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा, जल संसाधन विभाग की सहायक अभियंता भावना मीणा, योजना के नोडल अधिकारी और आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, सहायक निदेशक दुर्गालाल सास्ता, सहायक नोडल अधिकारी डॉ. रिंकेश कुमार यादवेंद्र, शिशु प्रजनन अधिकारी डॉ. मुकेश नागर, सीएमएचओ प्रतिनिधि डॉ. आदिल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल थे।