झालावाड़ के गवर्मेंट लॉ कॉलेज में 'नई किरण नशा मुक्ति अभियान' के तहत जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रिंसिपल डॉ. राकेश कुमार मीना ने कॉलेज स्टूडेंट्स को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता पर असर डालता है, जिससे कई बार दुर्घटनाएं होती हैं। यह सिर्फ स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा, परिवार, समाज और कानून से जुड़ा अहम मुद्दा है। प्रिंसिपल ने बताया कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी बातों से होती है, जैसे दोस्तों के कहने पर एक बार आजमाना। लंबे समय तक नशे की आदत से मानसिक और सामाजिक समस्याएं बढ़ सकती हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक आचार्य डॉ. नीरू चौहान, डॉ. रामकिशोर मीना, डॉ. ममता चांवला और विनिता परिहार का योगदान रहा। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. ममता चांवला ने आभार व्यक्त किया।