झालावाड़ में बालिकाओं और महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और एनीमिया की रोकथाम के लिए 28 से 30 सितंबर तक जागरूकता अभियान चल रहा है। मंगलवार को खण्डिया के सरकारी स्कूल में महिला अधिकारिता और चिकित्सा विभाग ने मिलकर एक मुफ्त स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविर लगाया। शिविर में प्रधानाध्यापक उषा यादव, सुपरवाइजर सोनिया पाटीदार, चिकित्सा विभाग से सुष्मिता सेन और अंजली चौहान शामिल थीं। पन्नाधाय सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की प्रबंधक रेखा जोशी और सखी वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक पल्लवी चतुर्वेदी भी मौजूद थीं। एनीमिया से बचाव के तरीके बताए यहां किशोरियों और बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण और संतुलित आहार की जानकारी दी गई। एनीमिया से बचाव के तरीके बताकर आयरन की गोलियां भी बांटी गईं। महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर और पन्नाधाय सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की सेवाओं की जानकारी भी दी गई। बालिकाओं को सहजन, अर्जुन और आंवला जैसे औषधीय पौधे भेंट किए गए। पोषण और स्वास्थ्य पर प्रश्नोत्तरी में बालिकाओं ने उत्साह से हिस्सा लिया।