झालावाड़ में अंतरराष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक समिति की ओर से स्व. अनंग कुमार जैन स्मृति भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। दो सत्रों में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद्र गुप्ता ने की, जबकि वरिष्ठ नागरिक संस्थान राजस्थान के अध्यक्ष भंवर सेठ मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में 85 वर्ष से अधिक उम्र के 15 बुजुर्गों को माला, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सामाजिक, साहित्यिक, पत्रकारिता सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 10 विशिष्ट लोगों को भी सम्मानित किया गया। वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर उठी आवाज प्रांतीय अध्यक्ष भंवर सेठ ने अपने संबोधन में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से इन समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई वरिष्ठ नागरिक अकेले रह रहे हैं और परिवार से दूर होने के कारण उपेक्षित महसूस करते हैं। ऐसे लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए समाज और सरकार दोनों को संवेदनशीलता के साथ प्रयास करने की जरूरत है। राष्ट्रीय स्तर पर समस्याएं उठाने का आश्वासन महामंत्री मदन लाल खटोड़, जो राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक फोरम के उपाध्यक्ष भी हैं, ने वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की बात कही। उन्होंने इस दिशा में लगातार काम करने का आश्वासन दिया। प्रांतीय महिला उपाध्यक्ष दिलखुश भंवर सेठ, कार्यकारिणी सदस्य वीणा खटोड़ और मधु शर्मा ने वरिष्ठ नागरिक समिति में महिलाओं के योगदान और उनकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। ‘वृद्ध जन अनुभवों का भंडार हैं’ विशिष्ट अतिथि डॉ. महेंद्र कुमार शर्मा ने अपने उद्बोधन में वरिष्ठ नागरिकों से प्रेरणास्पद और आत्मविश्वास बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृद्ध जन अनुभवों का भंडार हैं और उन्हें अपने अनुभवों से आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को भी वरिष्ठ नागरिकों के प्रति कृतज्ञ भाव रखते हुए उनकी सेवा के लिए समर्पित रहना चाहिए। समिति में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या बढ़ाने पर जोर समिति अध्यक्ष सुरेश चंद्र गुप्ता ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कार्यक्रम में शामिल सदस्यों और बाहर से आए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक समिति से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और समिति में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या बढ़ाने का आश्वासन दिया।