झालावाड़ में रक्षाबंधन पर्व से पहले उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा दल ने झालावाड़-झालरापाटन शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सीएमएचओ डॉ. मोहम्मद साजिद ने बताया कि अभियान के तहत झालावाड़ के न्यू बीकानेर स्वीट्स (मामा भांजा चौराहा) से मलाई बर्फी, काजूकतली, मैदा, बेसन, पोहा, शक्कर, रिफाइंड सोयाबीन तेल और उड़द दाल के सैंपल लिए गए। वहीं, झालरापाटन के मै. ठाकुर जी एंटरप्राइजेज से घी, सेवइयां, मिर्च पाउडर और पोहा के नमूने एकत्र किए गए। सैंपल को जांच के लिए भेजा सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्रयोगशाला, कोटा भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.एस. गुर्जर, भूराराम गोदारा और जगदीश चंद नागर शामिल रहे।