झालावाड़ में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत कृषि विज्ञान केंद्र झालावाड़ जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता कार्यक्रम कर रहा है। पोषण विशेषज्ञ डॉ तूलिका आचार्य ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर लोगों को संतुलित और पौष्टिक खाने की जरूरत बताई। वार्ड नंबर 2 के आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती और दूध पिलाने वाली माताओं को ताजे और पौष्टिक भोजन के बारे में बताया गया। उन्हें खाने में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी भी दी गई। इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, कार्यकर्ता, 30 लाभार्थी महिलाएं और 1 से 5 साल के करीब 20 बच्चों ने हिस्सा लिया। आंगनबाड़ी केंद्रों पर 'आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन' विषय पर भी जागरूकता कार्यक्रम हुए। इसमें बच्चों के सही विकास के लिए पर्याप्त पोषण, खासकर प्रोटीन वाले खाने की जरूरत बताई गई। गर्भवती और दूध पिलाने वाली माताओं को अपनी पोषण थाली में अलग-अलग तरह की खाने की चीजें शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि खाने में अनाज, दालें, हरी सब्जियां, मौसमी फल और दूसरे पौष्टिक खाद्य पदार्थों की विविधता रखना जरूरी है। लाभार्थियों को 'हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी' की भावना से जोड़ा गया। उन्हें केंद्र की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।