झालावाड़ नगर परिषद सभापति पद के लिए सोमवार 21 सितंबर को मतदान होगा। मतदान से एक दिन पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गुर्जर ने पार्षदों की बाड़ेबंदी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि होटल में ठहरे कांग्रेस पार्षदों पर लगातार नजर रखी जा रही है और शनिवार रात से बिना नंबर की गाड़ियों में आए आपराधिक प्रवृत्ति के लोग होटल का पीछा कर रहे हैं। कांग्रेस ने इससे पहले भी इस मामले को लेकर एडिशनल एसपी को ज्ञापन दिया था। होटल में ठहरे हैं कांग्रेस के पार्षद रविवार को सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में वीरेंद्र गुर्जर ने बताया कि कांग्रेस के सभी पार्षद एक होटल में ठहरे हुए हैं। उनके अनुसार, शनिवार रात से ही बिना नंबर की गाड़ियां होटल के आसपास नजर आ रही हैं। इन गाड़ियों में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वे लगातार होटल और पार्षदों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। बाहर निकलने पर धमकाने की आशंका गुर्जर ने वीडियो में आशंका जताई कि यदि कांग्रेस के पार्षद होटल से बाहर निकलते हैं तो उन्हें धमकाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की जानकारी मिली है। हालांकि, अपने आरोपों में उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया। गुर्जर ने कहा कि इस तरह की सोच गलत है। उनके मुताबिक कांग्रेस के पार्षद एकजुट हैं और सभापति का चुनाव कांग्रेस के पक्ष में जाएगा। इससे पहले भी कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बाड़ेबंदी को लेकर इसी तरह के आरोप लगा चुके हैं। कांग्रेस के 29, भाजपा के 13 पार्षद झालावाड़ नगर परिषद में कुल 45 वार्ड हैं। इनमें दो वार्डों में पार्षद निर्विरोध चुने गए थे, जबकि 43 वार्डों में चुनाव हुआ। चुनाव परिणाम में कांग्रेस के 29 और भाजपा के 13 पार्षद जीतकर आए हैं। इसके अलावा दो निर्दलीय और आम आदमी पार्टी का एक पार्षद भी चुनाव जीता है। बहुमत का आंकड़ा कांग्रेस के पक्ष में होने के बावजूद सभापति चुनाव से पहले पार्षदों की बाड़ेबंदी की गई है। कांग्रेस ने अपने पार्षदों को झालावाड़ जिले से बाहर निजी होटलों में ठहराया है। वहीं, भाजपा की ओर से भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। सोमवार को आमने-सामने होंगे राजकुमार सोनी और राजेश गुर्जर सभापति पद के लिए भाजपा की ओर से राजकुमार सोनी और कांग्रेस की ओर से राजेश गुर्जर ने नामांकन दाखिल किया है। सोमवार को होने वाला मतदान दोनों दलों के लिए निर्णायक होगा। चुनाव में अब केवल एक दिन शेष रहने से दोनों खेमों में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। जिले की 8 निकायों में भी चुनाव झालावाड़ जिले की कुल आठ निकायों में सभापति और चेयरमैन पद के लिए चुनाव होंगे। पहली बार बनी खानपुर नगरपालिका में भी कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। ऐसे में सोमवार को होने वाले निकाय प्रमुखों के चुनाव पर राजनीतिक दलों के साथ स्थानीय लोगों की भी नजर रहेगी।