झालावाड़ शहर के शहरी निकाय चुनाव में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की जीत के लिए मन्नत मांगी और नंगे पैर घूम रहा है। उसने कहा है कि वह खाटूश्याम बाबा के दर्शन के बाद ही जूते-चप्पल पहनेगा। यह मामला खंडिया कॉलोनी इलाके के वार्ड नंबर 24 का है। यहां रहने वाले सुनील मीना ने अपनी पत्नी प्रियंका मीना के चुनाव जीतने के लिए यह मन्नत मांगी थी। प्रियंका मीना को कांग्रेस पार्टी ने टिकट दिया था। 31 अगस्त से है नंगे पैर सुनील मीना ने 31 अगस्त को नामांकन के दिन ही यह मन्नत मांगी थी। उन्होंने खाटूश्याम बाबा से प्रार्थना की थी कि अगर उनकी पत्नी प्रियंका मीना चुनाव जीत जाती हैं, तो वह बाबा के दर्शन करने के बाद ही जूते-चप्पल पहनेंगे। इसके बाद से वह नंगे पैर ही रहने लगे। पत्नी जीती, बाबा श्याम के दर्शन कर पहनेंगे जूते-चप्पल चुनाव खत्म होने के बाद प्रियंका मीना 42 वोटों से चुनाव जीत गईं। उन्होंने भाजपा की गुड्डी बाई भील को हराया। प्रियंका मीना दूसरी बार पार्षद बनी हैं। हालांकि, पत्नी के पार्षद बनने के बाद भी सुनील मीना अभी तक नंगे पैर ही घूम रहे हैं। कई कार्यक्रमों में शामिल होने के दौरान लोग उनसे इस बारे में पूछते रहते हैं। सुनील मीना ने बताया कि उनकी पत्नी के चुनाव जीतने के लिए उन्होंने खाटूश्याम बाबा से मन्नत मांगी थी। उनका पक्का इरादा है कि वह खाटूश्याम बाबा के दर्शन करने के बाद ही जूते-चप्पल पहनेंगे। हाल ही में सभापति और उपसभापति चुनाव के दौरान भी सुनील मीना नंगे पैर ही दिखे थे। उन्होंने कहा कि खाटूश्याम बाबा की कृपा पर उनकी पक्की आस्था है।