झालावाड़ जिले में पंचायती राज चुनाव की गतिविधियां तेज हैं। मंगलवार को पहले चरण के नामांकन का आखिरी दिन है, दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी नामांकन कर सकते है। दूसरे चरण के चुनाव के लिए भी नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पर्चा भरने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए उम्मीदवार पहुंच रहे है। राजनीतिक दलों के नेताओं और संभावित प्रत्याशियों में काफी उत्साह नजर आ रहा है। भाजपा और कांग्रेस के कई नेता समर्थकों के साथ आवेदन प्रक्रिया में शामिल हुए है। मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण संभावित प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया पूरी होने और राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों को लेकर होने वाले फैसलों पर टिकी हैं।