झालावाड़ में पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी चुनावों के लिए आरक्षण लॉटरी 23 सितंबर को होगी। यह लॉटरी मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित की जाएगी। जिला कलेक्टर (पंचायत) अजय सिंह राठौड़ ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। जयपुर के ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के निर्देशों के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए पदों का आरक्षण लॉटरी से तय होगा। आदेश के मुताबिक, प्रधान पदों के लिए लॉटरी 23 सितंबर को दोपहर 12 बजे निकाली जाएगी। जिला परिषद सदस्यों के लिए दोपहर 1 बजे और पंचायत समिति सदस्यों के लिए दोपहर 2 बजे लॉटरी होगी। इस लॉटरी प्रक्रिया में जिले की डग, झालरापाटन, मनोहरथाना, बकानी, पिड़ावा (सुनेल), खानपुर, अकलेरा और भवानीमंडी पंचायत समितियां शामिल होंगी। जिला परिषद सदस्यों और पंचायत समिति सदस्यों के पदों का आरक्षण भी इसी तय कार्यक्रम के अनुसार लॉटरी से किया जाएगा।