झालावाड़ जिले में पंचायती राज चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। जिला परिषद सदस्य और पहले चरण के पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। नामांकन के दूसरे दिन शुक्रवार को जिला परिषद सदस्य पद के लिए जिले में एक भी फॉर्म दाखिल नहीं हुआ। वहीं, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए अकलेरा में 1 और डग में 5 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र भरे। इस तरह दूसरे दिन पंचायत समिति सदस्य पद के लिए कुल 6 नामांकन मिले। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पदों के लिए शुक्रवार को किसी भी उम्मीदवार ने फॉर्म नहीं भरा। हालांकि, आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों की रणनीति के बाद नामांकन बढ़ने की उम्मीद है। डग में सबसे ज्यादा पांच नामांकन पंचायत समिति सदस्य पद के लिए डग में 5 नामांकन दाखिल होना दिन की प्रमुख गतिविधि रही। वहीं अकलेरा में 1 अभ्यर्थी ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। दोनों पंचायत समितियों में प्राप्त नामांकन के साथ प्रथम चरण के चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। आने वाले दिनों में नामांकन दाखिल करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है। चुनावी सरगर्मी बढ़ने के आसार पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाते हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों पर चुनाव को लेकर गांवों में भी चर्चाएं शुरू हो रही हैं। प्रत्याशियों के चयन, स्थानीय समीकरणों और चुनावी तैयारियों के बीच अब सभी की नजरें आगामी दिनों में होने वाले नामांकन पर टिकी हैं।