झालावाड़ पुलिस ने वन विभाग की टीम पर हमला कर जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की है। आरोपी की गिरफ्तारी पर झालावाड़ पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह घटना 17 सितंबर को बालगढ़ थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई थी। वन विभाग की टीम अवैध पत्थर से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर मालिक बाबूलाल बंजारा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। बाबूलाल बंजारा ने वन विभाग की टीम पर हमला किया और जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाकर ले गया। इस घटना के संबंध में सरकारी काम में रुकावट डालने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया था। मामले में ट्रैक्टर चालक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस आरोपी बाबूलाल बंजारा की गिरफ्तारी के लिए लगातार खोजबीन कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। एसपी के निर्देश पर बनी खास टीम ने तकनीकी और मुखबिरों की मदद से 23 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी बाबूलाल बंजारा (43) पुत्र गोरखलाल, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, झालावाड़ की बताई जगह से वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त कर ली। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कोतवाली झालावाड़ और सदर थाने में पहले भी 5 अलग-अलग केस दर्ज हैं। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार मीणा सहित पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।