झालावाड़ में श्री क्षत्रिय राजपूत अधिकारी कर्मचारी संघ ने प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी रेंज में अवैध खनन रोकने के दौरान जान गंवाने वाले रेंजर प्रताप सिंह चुंडावत को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। संघ के अनुसार, 21 सितंबर की रात अवैध खनन रोकने के दौरान खनन माफिया ने प्रताप सिंह चुंडावत को बाइक सहित डंपर से कुचल दिया। आरोप है कि उन्हें डंपर से घसीटा भी गया। घटना में उनकी मौत हो गई। आपात बैठक में दी श्रद्धांजलि घटना के बाद मंगलवार को झालावाड़ के हरिश्चंद्र राजपूत छात्रावास परिसर में संघ की आपातकालीन बैठक हुई। बैठक की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर रेंजर प्रताप सिंह चुंडावत को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। पदाधिकारियों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सरकार से शहीद का दर्जा और एक करोड़ मुआवजे की मांग संघ ने राज्य सरकार से प्रताप सिंह चुंडावत को शहीद का दर्जा देने की मांग की। साथ ही उनके परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और शहीदों के परिवारों को मिलने वाले सभी लाभ तत्काल उपलब्ध कराने की मांग रखी। पदाधिकारी बोले- दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई बैठक में संघ के संरक्षक विक्रम सिंह शक्तावत और जिला अध्यक्ष घनश्याम सिंह शक्तावत समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संघ ने कहा कि अवैध खनन रोकने के दौरान हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।