‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत झालावाड़ में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर रंगोली प्रदर्शनी आयोजित की गई। गुरुवार को मिनी सचिवालय परिसर स्थित सभा भवन के पास लगी प्रदर्शनी में सरकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और जनहित के संदेशों को रंगोलियों के जरिए आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। वहीं, गढ़ पैलेस स्थित सरकारी संग्रहालय में भी रंगोली प्रदर्शनी लगाई गई, जहां आम लोगों और पर्यटकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और ‘विकसित भारत’ के संकल्प की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने बच्चों की कला को सराहा जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने मिनी सचिवालय में लगी प्रदर्शनी का दौरा किया। उन्होंने रंगोली तैयार करने वाले बच्चों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। कलेक्टर ने सरकारी योजनाओं और राष्ट्रीय प्रतीकों को रंगोली के माध्यम से रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने की सराहना की। योजनाओं और जनहित के संदेशों को रंगों में उतारा हिंदुस्तान स्काउट गाइड के बच्चों ने राहुल शर्मा के मार्गदर्शन में रंगोलियां तैयार कीं। इनमें सरकारी योजनाओं के साथ राष्ट्रीय प्रतीकों और जनहित से जुड़े संदेशों को प्रमुखता से दर्शाया गया। बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के संकल्प और जनसेवा का संदेश दिया। गढ़ पैलेस संग्रहालय में भी आकर्षण का केंद्र गढ़ पैलेस स्थित सरकारी संग्रहालय में लगाई गई रंगोली प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। यहां प्रदर्शित रंगोलियों के जरिए संग्रहालय में आने वाले पर्यटकों और आम लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। रंगोलियों में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को भी रचनात्मक रूप से दर्शाया गया। कई विभागों ने मिलकर किया आयोजन प्रदर्शनी के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामचंद्र खटीक, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सिराज कुरैशी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शनी का आयोजन नगर परिषद झालावाड़, पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।