झालावाड़ के सेमली भवानी गांव में मतदाता सूची में वार्डों के बदलाव पर विवाद बढ़ गया है। राजपूत समाज समेत अन्य लोगों ने बीएलओ सांवलिया पाटीदार पर लापरवाही व मतदाताओं की अनदेखी का आरोप लगाया। ग्रामीणों में इसको लेकर नाराजगी है। उन्होंने वार्ड 8 और 9 की व्यवस्था पहले जैसी करने व बीएलओ पर कार्रवाई की मांग की है। समाज का आरोप है कि उनके मतदाता पहले वार्ड 8 में थे, अब उन्हें वार्ड 9 में कर दिया गया। निष्पक्ष जांच की मांग, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी पहले मोहल्लों के आधार पर व्यवस्था थी। नई व्यवस्था में राजपूत समाज के लोगों को अलग वार्ड में डाला, जबकि दूसरे समाज के लोग एक ही वार्ड में हैं। उन्होंने इस बदलाव के पीछे गलत इरादे की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। चेतावनी दी गई कि अगर उनकी बात नहीं सुनी गई, तो वे आगामी चुनाव का बहिष्कार कर सकते हैं। ईश्वर सिंह, नन्द सिंह, सरदार सिंह, रघुवीर सिंह, गोपाल सिंह, संगीत सिंह, राहुल पाटीदार, प्रमोद पाटीदार, सूरज सिंह, ब्रजराज सिंह, राजेंद्र सिंह, मनोहर सिंह, कमल सिंह, बनवारी कारपेंटर समेत सर्व समाज ने इसका विरोध किया। पिपलोद गांव के लोग भी नहीं करेंगे मतदान इधर कालीसिंध बांध जलभराव से पीड़ित लोगों ने ग्राम पिपलोद में एक बैठक का आयोजन किया इसमें सभी ने पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने अपनी समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ से भी गुहार लगाई। लेकिन आश्वासन देने के अलावा इस पर कोई काम नहीं हुआ। बांध के डूब क्षेत्र में कई मकान ढह चुके हैं। पटवारी ने सर्वे भी किया, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस कारण विवश होकर मतदान बहिष्कार का निर्णय लिया गया है।