जयपुर में 6 साल के बच्चे की किडनैपिंग का मामला सामने आया है। बाइक पर आए दो बदमाश शुक्रवार दोपहर मासूम को उठा ले गए। मासूम बड़ी बहन के साथ पानी लेने गया था। वारदातस्थल पर लगे CCTV फुटेज में किडनैपर्स की करतूत कैद मिली। शिवदासपुरा थाना पुलिस की ओर से फुटेज के आधार पर किडनैप मासूम की तलाश शुरु कर दी है। ASI घनश्याम ने बताया- शिवदासपुरा के बीलवा निवासी 27 साल के युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह शादी के बाद अपनी पत्नी और 6 वर्षीय बेटे और 4 साल की बेटी के साथ रहता था। 6 जुलाई-2026 को उसकी पत्नी रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई थी। 25 वर्षीय पत्नी के लापता होने पर शिवदासपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई। आरोप है कि पिछले करीब 3 महीने बीतने के बाद भी लापता पत्नी को पुलिस ढूंढ नहीं सकी। अब बेटे का किडनैप हो गया। स्कूल से घर लौट गया था बाहर पीड़ित पिता का आरोप है कि 6 साल का बेटा प्राइवेट स्कूल में 1 क्लास में पढ़ता है। स्कूल से लौटने के बाद वह घर पर खेल रहा था। दोपहर करीब 3:15 बजे 16 वर्षीय भतीजी के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित आरओ प्लांट पर पानी लेने गया था। इसी दौरान बाइक पर हेलमेट लगाकर आए दो बदमाश जबरन मासूम बेटे को उठा ले गए। भतीजी के शोर मचाने पर बच्चे को दोनों बदमाश बाइक पर बीच में बैठाकर भाग निकले। दौड़ते हुए घर पहुंची भतीजी के बताने पर किडनैपिंग का पता चला। CCTV फुटेज में कैद मिली करतूत शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मासूम की किडनैपिंग की सूचना पर नाकाबंदी करवाई। पुलिस ने वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगाला। फुटेज में बाइक पर बच्चे को किडनैप कर ले जाते दोनों बदमाश नजर आए। किडनैपर्स ने बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट को भी हटा रखा था। पुलिस ने मासूम के पिता की शिकायत पर तुरंत किडनैपिंग की FIR दर्ज की। पुलिस फुटेज के आधार पर रुट चार्ज बनाकर किडनैपर्स की तलाश कर रही है। दोस्त ने दिया दगा, भगा ले गया पीड़ित का कहना है कि मैंने पत्नी के नाम करीब 3 करोड़ की प्रॉपर्टी कर रखी है। जानकारी करने पर पता चला कि उसके ही दोस्त राकेश ने उसे धोखा दिया। अपनी बातों में फंसाकर पत्नी को भगा ले गया। काफी ढूंढने की कोशिश के बाद भी दोनों का पता नहीं चला। आरोप है कि दोस्त राकेश के परिवार की ओर से उसे ही धमकाया गया। परिचितों के जरिए पत्नी को वापस लौटाने के एवज में 5 लाख रुपए डिमांड भी की गई। विरोध करने पहुंचे थाने मामले में रविवार दोपहर तक पुलिस किडनैप बच्चे को नहीं ढूंढ पाई। इस पर पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। पीड़ित परिवार व रिश्तेदार सहित स्थानीय लोग दोपहर करीब 1 बजे शिवदासपुरा थाने पहुंच गए। जल्द से जल्द बच्चे को ढूंढकर लाने की मांग कर पुलिस के खिलाफ रोष जताया। पुलिस की ओर से समझाइस कर किडनैपर्स को जल्द पकड़ बच्चे को ढूंढकर लाने का आश्वासन देकर मामले को शांत करवाया गया।