झालावाड़ में अब घायल गोवंश को सड़क पर तुरंत इलाज मिलेगा। श्रीकृष्ण गौशाला समिति ने इसके लिए नई एंबुलेंस सेवा शुरू की है। समिति के मुताबिक, शहर में गोवंश के लिए यह पहली ऐसी एंबुलेंस सेवा है। सड़कों पर अक्सर गोवंश हादसों का शिकार हो जाता है। ऐसे में घायल पशुओं को समय पर गौशाला या अस्पताल पहुंचाना मुश्किल होता है। गंभीर रूप से घायल गोवंश को तुरंत मदद की जरूरत होती है। इस एंबुलेंस का मकसद सिर्फ घायल गोवंश को पहुंचाना नहीं, बल्कि उनके इलाज और देखभाल में मदद करना है। इससे गोसेवकों को राहत कार्य करने में आसानी होगी और बेसहारा गोवंश की सेवा में सहयोग मिलेगा। नई एंबुलेंस का शुभारंभ संजय कॉलोनी श्रीकृष्ण गौशाला में पूजा के साथ हुआ। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष दिलीप मित्तल, संरक्षक शैलेंद्र यादव, सचिव राजेंद्र अग्रवाल और कोषाध्यक्ष श्यामसुंदर विजयवर्गीय सहित कई गोभक्त मौजूद थे।