झालावाड़ में राजस्थान समग्र शिक्षक संघ ने अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तारीखें आगे बढ़ाने की मांग की है। जिला संयोजक सुहास शर्मा और महामंत्री शोएब खान ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर व शिक्षा विभाग निदेशक ललित कुमार को ज्ञापन भेजा। शिक्षकों का कहना है कि नगरीय निकाय चुनाव के बाद अब पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव लगातार होने हैं। इससे शिक्षकों की चुनाव ड्यूटी लग रही है और उन्हें प्रशिक्षण में भी शामिल होना पड़ रहा है। शिक्षा विभाग ने 15 से 29 अक्टूबर तक अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं तय की हैं। वहीं, पंचायती राज चुनाव 22 अक्टूबर से 17 नवंबर तक चार चरणों में प्रस्तावित है। चुनाव ड्यूटी और प्रशिक्षण के कारण कई शिक्षक परीक्षा के दौरान स्कूल में मौजूद नहीं रह पाएंगे। इससे परीक्षाओं के संचालन में दिक्कत आ सकती है। संघ ने विद्यार्थियों व शिक्षकों के हित में तारीखें आगे बढ़ाने की मांग की है।