झालावाड़ में 11 अक्टूबर से नवरात्रि शुरू होने के साथ ही गरबा और डांडिया कार्यक्रम होंगे। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी ने निजी रिसॉर्ट में होने वाले गरबा कार्यक्रमों पर आपत्ति जताई है। बजरंग दल के जिला संयोजक सचिन कश्यप की अगुवाई में इन संगठनों ने एसपी अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि कुछ आयोजक नवरात्रि के नाम पर सिर्फ पैसा कमाने और मनोरंजन तक सीमित हैं। संगठनों का आरोप है कि इन आयोजनों में गैर-सनातनी लोगों को प्रवेश दिया जाता है। उनका दावा है कि कुछ लोग महिलाओं के फोटो-वीडियो बनाने और गलत व्यवहार करने के इरादे से आते हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। पदाधिकारियों ने मांग की है कि गरबा कार्यक्रमों में अश्लील गानों पर डांस और धार्मिक परंपराओं के खिलाफ गतिविधियां बंद हों। आयोजकों को मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी लेनी होगी। संगठनों ने प्रशासन से भी मांग की है कि गरबा कार्यक्रमों के लिए निर्देश जारी हों। कार्यकर्ता आयोजनों पर नजर रखेंगे और गलत गतिविधि पर शिकायत करेंगे।