झालावाड़ में एसीबी ने जिला परिषद के एमआईएस मैनेजर जयराम वर्मा को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा। वह परिषद में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत है। जयराम वर्मा पर अन्नपूर्णा रसोई का भुगतान करवाने के बदले हर महीने 3 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है। एक महिला ने एसीबी झालावाड़ चौकी में शिकायत की थी। बकानी में अन्नपूर्णा रसोई चलाने वाली महिला ने बताया कि आरोपी हर महीने 3 हजार रुपए मांगता था। रिश्वत नहीं देने पर बिल पास नहीं करने या भुगतान काटने की धमकी दी। उसने इस महीने की रकम तुरंत देने और 10 फर्जी टोकन काटने का दबाव भी बनाया। जांच में यह सही पाया गया। एसीबी कोटा रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा और झालावाड़ चौकी के इंस्पेक्टर साजिद खान की टीम ने जयराम वर्मा को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आगे की कार्रवाई जारी है।