नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान दलों की रवानगी, ईवीएम के संग्रहण और मतगणना के लिए जिले में 11 केंद्र तय किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने इन केंद्रों की सूची जारी करते हुए सभी रिटर्निंग अधिकारियों और उपखंड मजिस्ट्रेटों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जिले की 19 नगर निकायों के चुनाव के लिए अलग-अलग स्थानों पर मतदान दलों की रवानगी, ईवीएम संग्रहण और मतगणना की व्यवस्था की जाएगी। चिड़ावा क्षेत्र सबसे महत्वपूर्ण केंद्र रहेगा इस बार चिड़ावा क्षेत्र सबसे महत्वपूर्ण केंद्र रहेगा। जहां तीन नगरपालिकाओं-चिड़ावा, सुल्ताना और मंड्रेला की चुनावी प्रक्रिया एक ही केंद्र पर होगी। वहीं झुंझुनूं, बुहाना, मुकुंदगढ़, पिलानी, नवलगढ़ और मंडावा में दो-दो नगर निकायों की चुनावी प्रक्रिया निर्धारित केंद्रों पर कराई जाएगी। खेतड़ी, सूरजगढ़, मलसीसर और उदयपुरवाटी के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।