झुंझुनूं रोडवेज बस डिपो में बुधवार को युवक को महिला कंडक्टर ने पाइप से पीटा। कोटपूतली निवासी युवक उदयपुरवाटी से बस में झुंझुनूं पहुंचा था और चूरू जाने वाली बस में बैठ रहा था। कंडक्टर ने युवक के शराब के नशे में होने का हवाला देकर उसे बस से उतार दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। करीब 25 मिनट तक डिपो परिसर में हंगामा चला, सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बस में बैठने से रोका तो भड़का जानकारी के अनुसार, कोटपूतली निवासी एक युवक उदयपुरवाटी से रोडवेज बस में सवार होकर झुंझुनूं पहुंचा था। यहां वह चूरू जाने वाली बस में बैठने लगा। बस के महिला कंडक्टर ने युवक को शराब के नशे में होने के कारण बस में बैठाने से मना कर दिया और उसे नीचे उतार दिया। बस से उतारे जाने के बाद युवक भड़क गया और कंडक्टर के साथ गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। महिला कंडक्टर ने पाइप से पीटने का आरोप आरोप है कि गाली-गलौज से नाराज होकर महिला कंडक्टर ने हाथ में पाइप लेकर युवक की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक और रोडवेज कर्मचारियों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। मामला बिगड़ा तो कई कर्मचारी युवक से उलझे घटना के दौरान चालक संत कुमार और अन्य कर्मचारियों ने पहले युवक को शांत कराने का प्रयास किया। मामला बिगड़ने पर कई कर्मचारी भी युवक से उलझ गए। इसके बाद डिपो परिसर में हाथापाई हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 25 मिनट तक हंगामा चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में यात्री मौके पर मौजूद रहे। डिपो की पुलिस चौकी रही खाली हंगामे के दौरान रोडवेज बस डिपो स्थित पुलिस चौकी में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इससे काफी देर तक स्थिति बिना पुलिस हस्तक्षेप के बनी रही। बाद में सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।